पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की अपकमिंग फिल्म ‘सरदार जी 3’ पर विवाद के बादल मंडराने लगे हैं। फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर और अन्य पाक कलाकारों की मौजूदगी के चलते भारत में इसकी रिलीज पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। भारत-पाक संबंधों में बढ़े तनाव और पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे अनौपचारिक बैन के बीच यह फिल्म सुर्खियों में आ गई है।
दिलजीत दोसांझ ने बीते रविवार रात अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया, जिसमें वो हानिया आमिर के साथ रोमांटिक अंदाज़ में नज़र आ रहे हैं। खास बात यह रही कि फिल्म का ट्रेलर यूट्यूब जैसे पब्लिक प्लेटफॉर्म पर नहीं, बल्कि केवल दिलजीत के इंस्टाग्राम पर ही जारी किया गया। ट्रेलर में हानिया आमिर के अलावा पाकिस्तानी कलाकार नासिर चिन्योति, डेनियल खावर और सलीम अलबेला भी दिखाई दे रहे हैं।
फिल्म के को-प्रोड्यूसर गनबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि यह फिल्म भारत-पाक में हालिया तनाव से पहले ही शूट हो चुकी थी। उन्होंने स्पष्ट किया, “हम भारत की मौजूदा भावनात्मक स्थिति का सम्मान करते हैं और इसलिए फिलहाल भारत में फिल्म को रिलीज नहीं करेंगे। हम उचित समय का इंतजार करेंगे।”
वहीं, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज FWICE के अध्यक्ष बी. एन. तिवारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि दिलजीत दोसांझ और फिल्म के मेकर्स पर भारत में बैन लगाया जाएगा। FWICE ने कहा कि इस फिल्म या दिलजीत के किसी अन्य प्रोजेक्ट को भारत में रिलीज की अनुमति नहीं दी जाएगी और इसके खिलाफ आधिकारिक निर्देश जल्द जारी होंगे।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर काम करने को लेकर माहौल संवेदनशील हो गया है। ऐसे में ‘सरदार जी 3’ में पाक कलाकारों की मौजूदगी ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।

