सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पौधारोपण कर की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों को “रक्षा रोपण” की शपथ दिलाई और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
यह जन आंदोलन 9 जुलाई 2025 से प्रदेश भर में शुरू किया गया है, जिसके अंतर्गत 37 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महाअभियान को जन-जन से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीण समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम में कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.के. सिंह ने भी भाग लिया और विश्वविद्यालय के छात्रों से अपील की कि वे इस अभियान को एक व्यक्तिगत संकल्प के रूप में लें। उन्होंने कहा, “स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण की रक्षा हेतु वृक्षारोपण एक आवश्यक कदम है। छात्र-छात्राएं अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लें, ताकि जल, जमीन और वायु को सुरक्षित रखा जा सके।”
इस अवसर पर दर्जा प्राप्त मंत्री श्री संजीव सिक्का ने कहा, “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण असंतुलन और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ अपनी मां के नाम पर लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। यही हमारे आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि आज जिस तरह से जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम में असामान्य उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, उसका प्रत्यक्ष प्रभाव मानव जीवन पर पड़ रहा है। इसलिए, “हमें मोदी और योगी सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस वृक्षारोपण जन आंदोलन में सक्रिय भागीदारी कर पर्यावरण की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।”
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने का नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, पर्यावरणीय जागरूकता और जिम्मेदारी का प्रतीक बन चुका है। इस जनांदोलन के माध्यम से सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को प्रकृति से जोड़ना और धरती को हरियाली से भरना है।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्र, ग्रामीण प्रतिनिधि, महिला समूह, स्वयंसेवी संस्थाएं और विश्वविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

