केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल में आयोजित ‘प्रधानमंत्री रोजगार मेला‘ में चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अभियान के तहत देशभर में 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित किया।
शिवराज सिंह चौहान ने इस आयोजन में कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्तमान कार्यकाल भारत के लिए स्वर्ण युग है। उनके नेतृत्व में आज भारत ‘विकसित भारत‘ बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। यह समय राष्ट्र के इतिहास में परिवर्तन का प्रतीक बन गया है, क्योंकि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों ने न सिर्फ अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए हैं। “चाहे वह प्रत्यक्ष हो या अप्रत्यक्ष रोजगार, सरकार ने अब तक 10 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर सरकारी सेवा में अवसर प्रदान किए हैं। आज देशभर में 51,200 से अधिक युवाओं को रेलवे सहित विभिन्न विभागों में नियुक्ति मिली है — और यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व योग्यता आधारित रही है।”
श्री चौहान ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा, “यह केवल एक सरकारी नौकरी नहीं है, बल्कि ‘विकसित भारत‘ के निर्माण में आपकी भागीदारी की शुरुआत है। इन युवाओं के माध्यम से देश के भविष्य को नई दिशा मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पारदर्शी प्रक्रिया से हो रहे ये रोजगार भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।”
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने देश के युवाओं को नई प्रेरणा दी है।

