केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में आए एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक में राज्य में खाद, विशेषकर यूरिया की उपलब्धता को लेकर गंभीर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जुलाई और अगस्त माह के दौरान खरीफ सीजन की चरम मांग को देखते हुए यूरिया की निर्बाध आपूर्ति की मांग की।
केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा ने आश्वासन दिया कि तेलंगाना के किसानों की वास्तविक मांगों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने उर्वरक विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में आवश्यकतानुसार खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
हालांकि, श्री नड्डा ने राज्य में यूरिया की अत्यधिक खपत पर चिंता भी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि रबी 2024-25 के दौरान यूरिया की बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 21% की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि खरीफ 2025 में अब तक की खपत खरीफ 2024 के मुकाबले 12.4% अधिक रही है। उन्होंने आगाह किया कि इस प्रकार की अधिक खपत मिट्टी की दीर्घकालिक उर्वरता के लिए हानिकारक हो सकती है।
बैठक के दौरान उर्वरक विभाग के सचिव श्री रजत कुमार मिश्रा ने ‘प्रधानमंत्री प्रणाम योजना‘ (PM PRANAM) की जानकारी दी, जिसके तहत राज्यों को रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग में कमी लाने और जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने राज्य सरकार के अधिकारियों से आग्रह किया कि यूरिया के गैर-कृषि उपयोग में हो रहे डायवर्जन पर सख्ती से कार्रवाई करें और सभी जिलों में खाद का समान वितरण सुनिश्चित करें।
इस बैठक में सांसद मल्लू रवि, सांसद चामला किरण कुमार रेड्डी, नई दिल्ली में तेलंगाना सरकार के विशेष प्रतिनिधि ए.पी. जितेन्द्र रेड्डी, भारत सरकार के उर्वरक विभाग और तेलंगाना सरकार के कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

