देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) के तहत किसानों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक मदद दी जाती है, जो कि तीन किश्तों में ₹2,000-₹2,000 करके सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जाती है। अब किसानों को 20वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार 20वीं किस्त 20 जून 2025 तक जारी की जा सकती है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह किस्त अगले सप्ताह के भीतर आ सकती है।
किस्त अटक सकती है अगर आपने नहीं किए ये जरूरी काम:
ई-केवाईसी जरूरी:
अगर आपने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है तो आपकी किस्त अटक सकती है। यह प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल या नजदीकी CSC सेंटर पर जाकर पूरी की जा सकती है।
बैंक खाता आधार से लिंक करें:
अगर आपका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, तो योजना की राशि ट्रांसफर नहीं हो पाएगी। जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करवा लें।
गलत दस्तावेज दिए तो फंसेगा मामला:
गलत जानकारी या दस्तावेज जमा करने पर भी किस्त रोकी जा सकती है। ऐसी स्थिति में आप अपने नजदीकी बैंक शाखा या CSC सेंटर पर जाकर आधार कार्ड, पता प्रमाण और बैंक पासबुक लेकर सही जानकारी अपडेट करवा सकते हैं।
पहली बार कब मिली थी पीएम किसान की किस्त?
पीएम किसान योजना की पहली किस्त साल 2019 में जारी की गई थी। सबसे पहले बिहार के भागलपुर जिले के किसानों को इसका लाभ मिला था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तब 9.08 करोड़ किसानों के खातों में 22,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की थी।
ऐसे चेक करें स्टेटस:
योजना से जुड़ी अपनी किस्त की जानकारी आप pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर “Beneficiary Status” में अपना आधार नंबर या मोबाइल नंबर डालकर देख सकते हैं।

