अगर आप UPI यूजर्स हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने यूपीआई से पेमेंट करने वालों को एक और बड़ी सुविधा देने का ऐलान किया है। अब आप अपने प्री-अप्रूव्ड क्रेडिट लाइन अकाउंट को सीधे UPI से लिंक कर सकेंगे और लोन की रकम को भी UPI ऐप्स के ज़रिए इस्तेमाल कर पाएंगे।
NPCI ने 10 जुलाई 2025 को एक सर्कुलर जारी करते हुए सभी बैंकों और क्रेडिट सुविधा देने वाले संस्थानों को निर्देश दिया है कि यह नया नियम 31 अगस्त 2025 तक लागू कर दिया जाए।
अब सिर्फ पेमेंट नहीं, कैश निकालना और मनी ट्रांसफर भी संभव
अब तक यूपीआई से क्रेडिट लाइन का इस्तेमाल केवल दुकानों पर सामान खरीदने तक सीमित था, लेकिन नए नियमों के तहत आप लोन अकाउंट से सीधे:
-
किसी को भी पैसे भेज सकेंगे
-
कैश निकाल सकेंगे
-
छोटे दुकानदारों को पेमेंट कर सकेंगे
-
डिजिटल सेवाओं का भुगतान कर सकेंगे
यानी, ओवरड्राफ्ट अकाउंट से पैसा खर्च करना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और डायरेक्ट हो जाएगा।
किन चीजों को कर सकेंगे लिंक?
यूजर्स अब न सिर्फ पर्सनल लोन या बिजनेस लोन अकाउंट, बल्कि फिक्स्ड डिपॉजिट, शेयर, बॉन्ड, प्रॉपर्टी या गोल्ड से जुड़े लोन अकाउंट्स को भी UPI से लिंक कर सकेंगे। इसका मतलब ये कि आप Paytm, PhonePe, Google Pay जैसे थर्ड-पार्टी ऐप्स से भी अपने लोन अकाउंट से भुगतान कर सकेंगे।
क्या होती है क्रेडिट लाइन?
क्रेडिट लाइन एक तरह की पूर्व-अनुमोदित (Pre-Approved) लोन सुविधा होती है, जो बैंक ग्राहकों की इनकम और क्रेडिट स्कोर के आधार पर तय करते हैं। इसे यूजर्स जरूरत के हिसाब से आंशिक या पूरी राशि के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
करोड़ों यूजर्स को होगा सीधा फायदा
इस नई पहल से डिजिटल पेमेंट्स को और अधिक ताकत मिलेगी और बैंकिंग प्रक्रियाएं पहले से ज्यादा लचीली होंगी। NPCI के इस फैसले से करोड़ों यूजर्स को आसान और तेज क्रेडिट एक्सेस मिलेगा, जिससे डिजिटल इकोनॉमी को भी बढ़ावा मिलेगा।

