ट्राई सीरीज में न्यूजीलैंड ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए तीसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। गेंदबाजों के सटीक प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों ने भी शानदार खेल दिखाया। कीवी टीम ने 121 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 13.5 ओवर में ही हासिल कर लिया और पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
मैच की शुरुआत में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया जो पूरी तरह से सही साबित हुआ। जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और 20 ओवर में महज 120 रन ही बना सकी। वेस्ली मधेवेरे ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए, जबकि ब्रायन बेनेट ने 21 रनों का योगदान दिया।
न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं, रचिन रवींद्र और एडम मिल्ने ने एक-एक विकेट लेकर जिम्बाब्वे की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
कॉन्वे-रवींद्र की साझेदारी ने दिलाई आसान जीत
121 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत हालांकि कुछ खास नहीं रही, जब टिम सीफर्ट जल्दी आउट हो गए। लेकिन इसके बाद डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र ने पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 59 रनों की तेज साझेदारी की।
रचिन रवींद्र ने सिर्फ 19 गेंदों पर 30 रनों की आक्रामक पारी खेली, जबकि डेवोन कॉन्वे ने 40 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाकर मैच को एकतरफा बना दिया। डेरिल मिचेल ने भी 26 रन बनाकर कॉन्वे का अच्छा साथ दिया और टीम को 13.5 ओवर में ही जीत दिला दी।
इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने ट्राई सीरीज में लगातार दूसरी जीत दर्ज की, वहीं जिम्बाब्वे को अभी भी अपनी पहली जीत की तलाश है।

