देश में मानसून अब पूरी रफ्तार में है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बुधवार (16 जुलाई 2025) को झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि, जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 17 से 20 जुलाई के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी 17 जुलाई को बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 4 दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं।
उत्तर भारत के कई राज्यों—पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और यूपी में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी जिलों में भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में बारिश का नया दौर शुरू
राजस्थान में गुरुवार को तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बीकानेर, जोधपुर और अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
केरल के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देश के दक्षिणी राज्य केरल में भी मानसून अपना असर दिखा रहा है। बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशुर, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित कर दिया गया है। वहीं बाकी के 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से प्रशासन सतर्क हो गया है।
बारिश की वजह: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में दो सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बारिश का यह दौर लगातार बना हुआ है, और अगले कुछ दिनों तक इसका असर जारी रहेगा।

