दिल्ली, नोएडा समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में 7 जुलाई की सुबह का आगाज़ तेज हवाओं और बारिश के साथ हुआ। करीब सुबह 5 बजे से ही बादलों की गड़गड़ाहट सुनाई देने लगी थी, जिससे मौसम का मिजाज बदलता नजर आया। कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे राजधानी और आसपास के इलाकों में मॉनसून की रफ्तार तेज होती दिखी।
दिल्ली- NCR में बदला मौसम
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में इस बार मॉनसून ने अपनी तय तारीख 30 जून से पहले ही दस्तक दे दी थी, लेकिन अब तक संतोषजनक बारिश नहीं हुई थी। आज की बारिश के बाद मौसम विभाग को उम्मीद है कि अब लगातार बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और बिजली की गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। इसके मद्देनजर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
बारिश के चलते दिल्ली-NCR के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सुबह के व्यस्त समय में ऑफिस जाने वालों को ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है।
तापमान और अगले दिन का पूर्वानुमान
आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है, हालांकि आंधी और बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी देखी जा सकती है।
देशभर में मौसम का कहर
केवल दिल्ली ही नहीं, देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के कई पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन से हालात गंभीर हैं। कई रास्ते बंद हो गए हैं, घरों को नुकसान पहुंचा है और लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं, मैदानी इलाकों में भी नदियों और नालों के उफान से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
दिल्ली-NCR में मॉनसून की सक्रियता बढ़ती दिख रही है। बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं जलभराव और ट्रैफिक जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं। लोगों से अपील है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और सुरक्षित रहें।

