देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को एक बड़ा हवाई हादसा होते-होते टल गया। कोच्चि से मुंबई आ रहा एयर इंडिया का एक विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया। घटना के समय मुंबई में तेज बारिश हो रही थी, जिससे रनवे फिसलन भरा हो गया था। राहत की बात यह रही कि विमान की लैंडिंग के वक्त रफ्तार कम थी, जिससे किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, “उड़ान संख्या AI2744 ने 21 जुलाई 2025 को कोच्चि से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। मुंबई एयरपोर्ट पर भारी बारिश के चलते विमान रनवे से बाहर निकल गया। हालांकि विमान सुरक्षित रूप से गेट तक पहुंच गया और सभी यात्री एवं चालक दल उससे सुरक्षित उतर गए।”
DGCA ने शुरू की जांच
घटना के तुरंत बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। DGCA प्रवक्ता ने बताया कि विमान को फिलहाल एयरपोर्ट पर जांच के लिए रोका गया है। साथ ही कहा गया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रनवे को पहुंचा मामूली नुकसान
छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) के अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य रनवे 09/27 को मामूली क्षति पहुंची है। एयर ट्रैफिक को बाधित न होने देने के लिए वैकल्पिक रनवे 14/32 को तुरंत सक्रिय कर दिया गया है।

