भारत सरकार द्वारा हाल ही में घोषित प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को लेकर उद्योग जगत से भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। महिंद्रा ग्रुप के ग्रुप सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अनीश शाह ने इस योजना की सराहना करते हुए इसे भारतीय कृषि के लिए एक साहसिक और दूरदर्शी पहल बताया है।
डॉ. शाह ने कहा, “प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना ग्रामीण स्तर पर भारतीय कृषि को रूपांतरित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी और निर्णायक कदम है। 100 जिलों पर केंद्रित यह योजना, विभिन्न सरकारी योजनाओं के समावेशन और लक्षित सहयोग के माध्यम से ग्रामीण समृद्धि को गति देने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने में सहायक सिद्ध होगी।”
उन्होंने आगे कहा कि महिंद्रा ग्रुप इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है। “हम फार्म इक्विपमेंट, एग्री-टेक नवाचारों और ग्रामीण वित्तपोषण के जरिए किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, उनकी क्षमता में सुधार लाने और कृषि मूल्य श्रृंखला में मूल्य सृजन के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। यह योजना आत्मनिर्भर कृषि और समावेशी ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण छलांग है।”
गौरतलब है कि पीएम धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य देश के चयनित 100 जिलों में कृषि विकास को नई दिशा देना, संसाधनों का एकीकृत उपयोग करना और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। इस योजना को किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

