साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज में 24 वर्षीय छात्रा से हुए गैंगरेप के मामले ने पश्चिम बंगाल में सनसनी फैला दी है। घटना को लेकर राज्य सरकार और कॉलेज प्रशासन सवालों के घेरे में आ गए हैं। इस बीच पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने आरोपियों की दरिंदगी की पूरी तस्वीर सामने रख दी है।
सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि तीन युवक पीड़िता को जबरन कॉलेज गेट से घसीटते हुए गार्ड रूम तक ले जाते हैं। यहीं कथित तौर पर छात्रा से रेप की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि फुटेज पीड़िता के बयान से मेल खा रहा है।
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है—मुख्य आरोपी मनोजित मिश्रा, प्रोमित मुखर्जी, जैद अहमद और कॉलेज का सुरक्षा गार्ड। जानकारी के मुताबिक, मनोजित मिश्रा ने छात्रा के साथ रेप किया, जबकि प्रोमित और जैद ने पूरी घटना का वीडियो बनाया। वहीं गार्ड गेट पर खड़ा होकर पहरेदारी करता रहा।
घटना के बाद से कोलकाता समेत पूरे राज्य में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था की विफलता का आरोप लगाया है। लोगों की मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जाए और पीड़िता को न्याय मिले।

