दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट में गुरुवार को 24 घंटे की देरी हुई. इस वजह से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा. यात्रियों ने दावा किया कि लोग जहां पर बैठकर फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे, वहां पर एसी भी नहीं चल रही थी, जिसके कारण कुछ लोग बेहोश हो गए. कई यात्रियों ने यह अनुभव शेयर करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया. उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिसमें फ्लाइट में जाने वाली गली में यात्रियों को इंतजार करते हुए दिखाया गया.
एयरलाइन सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि ऑपरेशनल समस्याओं की वजह से फ्लाइट में देरी हुई. इसके बाद, एयर इंडिया ने सभी यात्रियों को पूरा पैसा वापस करने और होटल में ठहरने की सुविधा देने की पेशकश की है.
पत्रकार श्वेता पुंज ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट में कई घंटे की देरी हुई और यात्रियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ‘फ्लाइट में चढ़ने और बिना AC के बैठने के लिए मजबूर किया गया.’ उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों के बेहोश हो जाने के बाद यात्रियों को फ्लाइट से बाहर जाने के लिए कहा गया.
उन्होंने अपने पोस्ट में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी टैग किया और इस पूरी घटना को अमानवीय बताया.

