IMD Alert: देशभर में मानसून का कहर जारी है। बिहार से हिमाचल तक बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बिहार के भोजपुर, बक्सर और नालंदा जिलों में रविवार को बिजली गिरने से 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। गया के इमामगंज इलाके में लगुराही वाटरफॉल में अचानक आए तेज बहाव में 6 लड़कियां बह गईं, हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ से सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।
हिमाचल में आफत की बारिश
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह थलौट टनल के पास लैंडस्लाइड हो गया। इससे टनल के भीतर कई वाहन फंस गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बीते 24 घंटे में यहां 3 और मौतों के साथ कुल मृतकों की संख्या 20 हो चुकी है। मंडी में बी्यास और जूनी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। आज राज्य के चार जिलों में एहतियातन स्कूल बंद किए गए हैं।
तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को पूरे देश में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। उत्तराखंड और झारखंड में रेड अलर्ट, जबकि मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित 12 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट और 17 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है।
चार धाम यात्रा फिर शुरू
तेज बारिश के कारण रोकी गई चार धाम यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि यात्रा मार्गों पर तैनात जिलाधिकारियों को मौसम के हालात देखते हुए ट्रैफिक नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

