मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और देश के कई राज्यों में बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 और 29 जुलाई के लिए दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ सहित कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे अगले कुछ दिन मौसम सुहावना बना रहेगा।
दिल्ली में तापमान में गिरावट, मौसम रहेगा राहत भरा
आईएमडी के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं मंगलवार को तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। दिल्ली में 31 जुलाई तक रुक-रुक कर हल्की बारिश जारी रहेगी।
नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली के साथ बारिश की संभावना है।
राजस्थान में भारी बारिश से बिगड़े हालात, स्कूलों में छुट्टियां
राजस्थान के कई जिलों में मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। 28 और 29 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी के चलते बारां, कोटा, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, झालावाड़, अजमेर, टोंक और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों में स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। रविवार को भी कई स्थानों पर रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई।
गुजरात में ऑरेंज अलर्ट, 21 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
गुजरात के बनासकांठा और साबरकांठा जिलों में 28 जुलाई को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अहमदाबाद, गांधीनगर, मेहसाणा, राजकोट, भावनगर, वडोदरा समेत 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी भारी बारिश का दौर
पूर्वोत्तर भारत में 28 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहेगी, जबकि 1 से 3 अगस्त के बीच एक नया भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। साथ ही मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी तेज बारिश रिकॉर्ड की गई है।

