तेलंगाना के पाशमायलाराम स्थित सिगाची केमिकल इंडस्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। मंगलवार को बचाव कार्य के दौरान और शव बरामद किए गए, जिससे मृतकों की संख्या में इजाफा हुआ है।
सोमवार रात तक मृतकों की संख्या 12 थी, जो मंगलवार सुबह बढ़कर 34 हो गई, और अब यह आंकड़ा 42 तक पहुंच चुका है। ज़िला पुलिस अधीक्षक परीतोष पंकज ने पीटीआई को बताया कि, “मलबा हटाने के दौरान कई शव मिले हैं… बचाव कार्य का अंतिम चरण अब भी जारी है।”
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी मंगलवार सुबह घटनास्थल का दौरा करने वाले हैं। वहीं, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनारसिम्हा ने मीडिया को बताया कि हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 90 कर्मचारी मौजूद थे।उन्होंने बताया, “विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पूरा इंडस्ट्रियल शेड उड़ा दिया गया और कुछ मजदूरों को हवा में उछालकर 100 मीटर दूर फेंक दिया।”
सोमवार को हुए इस संदिग्ध रिएक्टर विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिसके बाद बचाव और दमकलकर्मियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती बचाव कार्यों में ही 10 शव बरामद कर लिए गए थे।हालांकि अभी तक विस्फोट के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह केमिकल रिएक्शन के कारण हुआ हो सकता है।
मंगलवार को स्थानीय मीडिया ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), हैदराबाद डिजास्टर रेस्पॉन्स एंड फायर सर्विस (HYDRAA), और तेलंगाना फायर डिजास्टर रेस्पॉन्स टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राज्यपाल ने श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण और फैक्ट्री विभाग (LETF) के प्रमुख सचिव एम. डैन किशोर से भी बात की और निर्देश दिया कि पीड़ितों को हर संभव सहायता और राहत उपलब्ध कराई जाए।इस हादसे ने राज्य को झकझोर कर रख दिया है और जांच एजेंसियां विस्फोट के सही कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं।

