ֆ:इसके अलावा, देश में नैनो यूरिया के उत्पादन को बढ़ाने के उद्देश्य से, उर्वरक विभाग ने अपने सार्वजनिक उपक्रमों, अर्थात् राष्ट्रीय उर्वरक लिमिटेड (एनएफएल) और राष्ट्रीय रसायन एवं उर्वरक लिमिटेड (आरसीएफ) को नैनो यूरिया संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया है।
किसानों के बीच नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए गए हैं:-
नैनो यूरिया के उपयोग को विभिन्न गतिविधियों जैसे जागरूकता शिविर, वेबिनार, नुक्कड़ नाटक, क्षेत्र प्रदर्शन, किसान सम्मेलन और क्षेत्रीय भाषाओं में फिल्में आदि के माध्यम से बढ़ावा दिया जाता है।
संबंधित कंपनियों द्वारा प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों (पीएमकेएसके) पर नैनो यूरिया उपलब्ध कराया जाता है।
उर्वरक विभाग द्वारा नियमित रूप से जारी मासिक आपूर्ति योजना के तहत नैनो यूरिया को शामिल किया गया है।
भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, भोपाल के माध्यम से आईसीएआर ने हाल ही में “उर्वरक (नैनो-उर्वरकों सहित) के कुशल और संतुलित उपयोग” पर राष्ट्रीय अभियान का आयोजन किया।
15 नवंबर, 2023 को शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा (वीबीएसवाई) के दौरान नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा दिया गया।
15,000 महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को ड्रोन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार ने ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना शुरू की है। उक्त योजना के तहत उर्वरक कंपनियों द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों की नमो ड्रोन दीदियों को 1094 ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे ड्रोन के माध्यम से नैनो उर्वरकों के उपयोग में वृद्धि सुनिश्चित हो रही है।
उर्वरक विभाग ने उर्वरक कंपनियों के सहयोग से देश के सभी 15 कृषि-जलवायु क्षेत्रों में परामर्श और क्षेत्र स्तरीय प्रदर्शनों के माध्यम से नैनो डीएपी को अपनाने के लिए एक महा अभियान शुरू किया है। इसके अलावा, उर्वरक विभाग ने उर्वरक कंपनियों के सहयोग से देश के 100 जिलों में नैनो यूरिया प्लस के क्षेत्र स्तरीय प्रदर्शनों और जागरूकता कार्यक्रमों के लिए अभियान भी शुरू किया है।
§
भारत सरकार ने उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के तहत विशिष्ट कंपनियों द्वारा उत्पादित नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के विनिर्देशों को अधिसूचित किया है। इसके बाद, देश में 26.62 करोड़ बोतलों (प्रत्येक 500 मिली लीटर) की वार्षिक क्षमता वाले छह नैनो यूरिया संयंत्र और 10.74 करोड़ बोतलों (प्रत्येक 500/1000 मिली लीटर) की वार्षिक क्षमता वाले चार नैनो डीएपी संयंत्र स्थापित किए गए हैं।

