मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में शनिवार को कोहरा होने का अलर्ट है लेकिन यह मध्यम रहेगा। दिन में बादलों की आवाजाही से मौसम में बदलाव शुरू होगा। हवा का रुख बदलने की उम्मीद है। ऐसा होने पर तापमान थोड़ा ऊपर चढ़ेगा। रात में कोहरा छाने के कारण दृश्यता काफी कम हो गई। इससे वाहन चलाने में काफी दिक्कतें आईं। बर्फीली हवा ने लोगों की रफ्तार धीमी कर दी। सुबह पांच बजे तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। नौ बजे तक तापमान 10 डिग्री के आसपास रहेगा।
भीषण सर्दी दिन भर लोगों को परेशान करेगी। शुक्रवार देर शाम से कोहरा छाना शुरू हुआ जो रात नौ बजे तक गहरा गया। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 कम 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह कड़ाके की सर्दी के कारण पार्कों में सन्नाटा रहा। सुबह की सैर पर निकलने वाले ज्यादातर लोग बाहर नहीं निकले। खासतौर पर दोपहिया, तिपहिया पर चलने वालों को ज्यादा तकलीफ झेलनी पड़ी। बर्फीली हवा के कारण हाथ सुन्न हो रहे हैं। बिना हीटर, ब्लोअर या अलाव ठिठुरन दूर होने का नाम नहीं ले रही।

