֍:SKM ने लगाया आरोप§ֆ:एसकेएम का आरोप है कि पंजाब में पिछले साल के कुल स्टॉक का 130 एलएमटी चावल अभी भी स्टोर है और इसे एफसीआई के जरिये उठाव करना है. पंजाब के गोदाम पूरी तरह से भरे पड़े हैं और राइस मिलर्स इस साल की उपज को नहीं उठा पा रहे हैं क्योंकि उनके पास स्टोरेज के लिए जगह नहीं बची है. इसी कारण मंडियों में किसानों की उपज का भी समय पर उठान नहीं हो रहा है. आढ़तिये और मजदूरों ने इसे लेकर हड़ताल भी की थी. मजदूरों की शिकायत थी कि जब समय पर धान का उठान नहीं होगा तो उनका काम ठप पड़ जाएगा और उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है.§पंजाब में धान की खरीद को लेकर किसानों ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है. भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के मुख्य प्रवक्ता जत्थेदार कश्मीर सिंह जंडियाला ने आज सोमवार को जालंधर-लुधियाना-दिल्ली हाइवे पर जाम कर दिया है. मामले की जानकारी देते हुए किसान नेता ने कहा कि बलबीर सिंह राजेवाल यूनियन की ओर से 3 दिन पहले जालंधर के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल को एक मांग पत्र दिया था. इसमें मंडियों में धान की लिफ्टिंग न होने और किसानों को डीएपी की खाद ना मिलने से जुड़ी जानकारी दी गई थी. मांगें पूरी ना करने के कारण किसानों को 21 अक्टूबर को नेशनल हाईवे जाम करने पर मजबूर होना पड़ा है. जत्थेदार जंडियाला ने यह भी बताया कि डीएपी खाद मामले को लेकर कृषि पदाधिकारी की विजिलेंस जांच कराने की भी मांग की गई है. उन्होंने कहा कि डीएपी खाद न मिलने से दोआबा क्षेत्र के तमाम किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है.

