केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनसे उत्तराखंड को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रही है।
जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए मिलेगी केंद्र से मदद
उत्तराखंड की पर्वतीय भौगोलिक स्थिति को देखते हुए फसलों को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। इस पर केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य में बाड़बंदी के लिए केंद्र सरकार ‘बागवानी के एकीकृत विकास मिशन’ (MIDH) के अंतर्गत धनराशि उपलब्ध कराएगी।
मिलेट्स को मिलेगा बढ़ावा
परंपरागत मोटे अनाज जैसे मंडुआ और झिंगोरा की खेती को प्रोत्साहन देने हेतु केंद्र सरकार ‘राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन’ (NFSM) के तहत विशेष वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। इससे किसानों को अधिक लाभ मिलेगा और पोषण के स्तर में भी सुधार होगा।
हाई डेंसिटी सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती को मिलेगा समर्थन
उत्तराखंड में हाई डेंसिटी एप्पल ऑर्चर्ड्स के तहत उन्नत नर्सरी, कोल्ड स्टोरेज, ग्रेडिंग व पैकेजिंग यूनिट्स की स्थापना को लेकर राज्य सरकार की योजना को केंद्र से पूरा समर्थन मिलेगा। केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि कीवी और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों की अपार संभावनाएं उत्तराखंड में हैं, और ये फसलें जंगली जानवरों से कम प्रभावित होती हैं। ऐसे में इनकी खेती को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार विशेष सहायता देगी।
सुपरफूड्स पर बनेगा उत्कृष्टता केंद्र
शहद, मशरूम और विदेशी सब्जियों जैसे सुपरफूड्स को लेकर राज्य सरकार की ओर से उत्कृष्टता केंद्र (Centres of Excellence) की स्थापना का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इससे स्थानीय किसानों को आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।
ग्रामीण विकास को मिलेगा बल
प्रधनमंत्री आवास योजना के तहत उत्तराखंड ने लक्ष्य को पूरा कर लिया है और नए सर्वेक्षण की प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है। साथ ही, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चरण-4 की स्वीकृति भी राज्य सरकार के प्रस्ताव अनुसार दी जाएगी।
लखपति दीदी और मनरेगा में बेहतर प्रदर्शन
उत्तराखंड ने ‘लखपति दीदी’ अभियान में लक्ष्य से अधिक सफलता प्राप्त की है और अब नए ऊंचे लक्ष्य तय किए हैं। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA) में भी राज्य का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है।
अंत में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह बैठक अत्यंत सकारात्मक रही और केंद्र सरकार कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालयों के माध्यम से उत्तराखंड को हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी।

