HimachalRainUpdate: हिमाचल प्रदेश के मंडी और कुल्लू जिलों में मंगलवार देर रात बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचा दी। अचानक आई बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 लोग अब भी लापता हैं। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी है, लेकिन खराब मौसम और टूटी सड़कों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधाएं आ रही हैं।
बादल फटने से 5 लोगों की मौत
प्रशासन के अनुसार, बादल फटने की सबसे ज्यादा मार मंडी जिले के बग्गी और कटौला इलाकों में पड़ी है। यहां कई घर और पुल बह गए हैं, जबकि दर्जनों सड़कें मलबे से जाम हो गई हैं। कुल्लू के उझी घाटी में एक परिवार के तीन सदस्य लापता हैं।
100 से अधिक गांवों में बिजली गुल
बाढ़ और भूस्खलन की वजह से हिमाचल के करीब 100 गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बिजली विभाग की टीमें हालात सुधारने में जुटी हैं, लेकिन लगातार बारिश से मरम्मत में देर हो रही है।
मध्य प्रदेश में भी बारिश का कहर
उधर, मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में बुधवार सुबह से ही तेज बारिश जारी है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, होशंगाबाद और सागर जैसे बड़े शहरों में जलभराव के हालात बन गए हैं। कई इलाकों में निचली बस्तियों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने हिमाचल, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले 48 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।

