सलमान खान के होस्ट किए जाने वाले पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19‘ का प्रीमियर 24 अगस्त 2025 को होना तय है, लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले 23 अगस्त को दर्शकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज तैयार किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार शो की शुरुआत एक स्पेशल प्री-प्रीमियर एपिसोड ‘अग्नि परीक्षा’ के साथ होगी, जो JioCinema और Disney+ Hotstar पर एक्सक्लूसिवली रिलीज किया जाएगा।
पहली बार दिखेगा प्री-प्रीमियर एपिसोड
बिग बॉस के इतिहास में यह पहली बार होगा जब मेन प्रीमियर से पहले एक अलग एपिसोड पेश किया जा रहा है। इस एपिसोड में दर्शकों को नए कंटेस्टेंट्स की झलक, खास टास्क या कोई अनोखा ट्विस्ट दिखाया जा सकता है। हालांकि अभी तक मेकर्स ने इस एपिसोड को लेकर कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी है, लेकिन फैंस इस खबर से काफी एक्साइटेड हैं।
‘घरवालों की सरकार’ का अनोखा कॉन्सेप्ट
31 जुलाई को रिलीज हुए पहले प्रोमो में सलमान खान ने इस सीजन के खास कॉन्सेप्ट ‘घरवालों की सरकार’ के बारे में बताया था। इस नए फॉर्मेट में घर के कंटेस्टेंट्स को शो के कुछ बड़े फैसले खुद लेने होंगे, जैसे कि कौन घर से बेघर होगा या कौन नॉमिनेट होगा। ये फैसले अब सिर्फ बिग बॉस नहीं, बल्कि घरवालों का मिलाजुला फैसला होगा, जिससे खेल में और भी ज्यादा ड्रामा और स्ट्रैटजी देखने को मिलेगी।
सबसे लंबा सीजन होगा बिग बॉस 19
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बिग बॉस 19 इस शो का अब तक का सबसे लंबा सीजन हो सकता है। इस बार शो सामान्य 3 महीने के बजाय 5.5 महीने (20-22 हफ्ते) तक चलेगा, जिसमें फुल एंटरटेनमेंट, इमोशन, टास्क, लड़ाई और दोस्ती देखने को मिलेगी।
सलमान खान सिर्फ 3 महीने ही करेंगे होस्टिंग?
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सलमान खान इस बार पूरे सीजन होस्ट नहीं करेंगे। वो सिर्फ पहले तीन महीने तक शो में नजर आ सकते हैं, जिसके बाद फराह खान या करण जौहर जैसे सेलिब्रिटीज शो को होस्ट कर सकते हैं। इसका कारण सलमान की आने वाली फिल्मों की शूटिंग बताया जा रहा है।
कंटेस्टेंट्स को लेकर चर्चाएं तेज
हर सीजन की तरह इस बार भी कंटेस्टेंट्स को लेकर काफी चर्चाएं हैं। सोशल मीडिया पर रीम शेख, प्रियंका जग्गा, धनश्री वर्मा, मिस्टर फैसू, पायल गेमिंग जैसे नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि अभी तक मेकर्स की तरफ से कोई ऑफिशियल कंफर्मेशन नहीं हुआ है।
बिग बॉस 19 का मेन प्रीमियर 24 अगस्त को JioHotstar पर रात 9 बजे और COLORS TV पर रात 10:30 बजे प्रसारित होगा। फैंस इस अनोखे सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

