बांग्लादेश की राजधानी ढाका सोमवार दोपहर एक भीषण विमान हादसे का गवाह बनी, जब बांग्लादेश एयरफोर्स का एक F-7 ट्रेनर जेट उत्तरा इलाके के दियाबारी क्षेत्र में माइलस्टोन कॉलेज परिसर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के कॉलेज परिसर पर गिरते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त कॉलेज में पढ़ाई चल रही थी और छात्र-छात्राओं में चीख-पुकार मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। हादसे के बाद कॉलेज परिसर से काले धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखाई दिया।
तीव्र राहत और बचाव अभियान शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही सेना और फायर ब्रिगेड की आठ यूनिट मौके पर पहुंच गईं। फायर सर्विस एंड सिविल डिफेंस के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें दोपहर 1:18 बजे माइलस्टोन कॉलेज के पास विमान के गिरने की जानकारी मिली थी। तीन यूनिट कॉलेज परिसर में राहत कार्य में लगी रहीं, जबकि दो अन्य सड़क मार्ग को खाली करवाने में जुटीं।
पायलट की स्थिति को लेकर सस्पेंस
फिलहाल बांग्लादेश वायु सेना और हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिकारी घटना की जांच में जुटे हैं। हालांकि पायलट की स्थिति को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ स्थानीय रिपोर्टों में दावा किया गया है कि पायलट को गंभीर चोटें आई हैं, मगर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
चीन निर्मित है F-7 एयरक्राफ्ट
गौरतलब है कि F-7 विमान चीन निर्मित है और यह बांग्लादेश एयरफोर्स द्वारा ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यह पहला मौका नहीं है जब इस विमान से जुड़ा कोई हादसा सामने आया हो।
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

