दिल्ली हाईकोर्ट से बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण को झटका लगा है. कोर्ट ने कोरोना महामारी के दौरान लाखों लोगों की मौत के लिए एलोपैथी डॉक्टर्स को दोषी ठहराने और पतंजलि की कोरोनिल दवा को इलाज के रूप में बढ़ावा देने वाले सभी दावों को वापस लेने का आदेश दिया है.
दरअसल, रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी और बाबा रामदेव की पंतजलि आयुर्वेद कंपनी की दवा कोरोनिल को COVID-19 का शर्तिया इलाज होने का दावा करने पर आपत्ति जताई थी. उस समय बाबा रामदेव ने कहा था कि कोरोनिल सिर्फ इम्युनिटी बूस्टर नहीं, बल्कि कोविड-19 ठीक करने की दवा है. दिल्ली हाईकोर्ट में बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि आयुर्वेद के खिलाफ साल 2021 में यह याचिका दाखिल की गई थी.
इस याचिका पर जस्टिस अनूप जयराम भंबानी की सिंगल बेंच ने सभी पक्षों की दलील सुनने के बाद 21 मई को सुनवाई पूरी कर निर्णय सुरक्षित रख लिया था. इस पर दिल्ली हाईकोर्ट सोमवार को अपना निर्णय सुनाया.

