2 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के भयावह हादसे के बाद संसद की लोक लेखा समिति (PAC) की बैठक में अप्रत्याशित मोड़ आ गया। एयरपोर्ट शुल्क पर चर्चा के लिए बुलाई गई यह बैठक अचानक हादसे पर केंद्रित हो गई, जहां एअर इंडिया को कड़े सवालों का सामना करना पड़ा।
इस बैठक में एयर इंडिया ने बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का बचाव करते हुए कहा कि यह विमान विश्व स्तर पर सबसे सुरक्षित विमानों में से एक है। एयरलाइन ने PAC को जानकारी दी कि फिलहाल दुनिया भर में 1,000 से ज्यादा ड्रीमलाइनर सेवाएं दे रहे हैं और इनकी सुरक्षा रिकॉर्ड बेहतरीन है।
गौरतलब है कि 12 जून को फ्लाइट AI-171 सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही कुछ सेकंड के भीतर मेघाणी नगर स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 241 यात्रियों सहित कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में मेडिकल कॉलेज के 19 छात्र भी शामिल थे।
एयर इंडिया ने PAC के सामने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “यह हादसा हमारे लिए बेहद दुखद और चिंता का विषय है। हम इस घटना की आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि वास्तविक कारणों का पता चल सके।”
PAC की बैठक में यह भी स्पष्ट हुआ कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विमानन सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा की आवश्यकता है।

