प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के आगामी वृहद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री श्री सूर्यप्रताप शाही ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से कृषि भवन, नई दिल्ली में मुलाकात की।
बैठक के दौरान तीनों मंत्रियों के बीच कृषि और किसान कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री चौहान ने दोनों राज्यों के मंत्रियों से अनुरोध किया कि वे 2 अगस्त को आयोजित होने जा रहे पीएम किसान सम्मान निधि के विशेष कार्यक्रम में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के वाराणसी से योजना की 20वीं किस्त देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर करेंगे।
यह कार्यक्रम पूरे देश में एक साथ आयोजित होगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पटना (बिहार) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। बैठक में उन्होंने बिहार व उत्तर प्रदेश के मंत्रियों से तैयारियों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।
इस बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री श्री सूर्यप्रताप शाही ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 अगस्त तक करने का अनुरोध किया। इस पर केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, दोनों राज्यों के मंत्रियों ने किसानों के हित में कई अन्य सुझाव भी बैठक में रखे। श्री चौहान ने इन सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया और शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव श्री देवेश चतुर्वेदी सहित कृषि मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

