प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ के घर गणेश पूजा में हिस्सा लिया था. सीजेआई चंद्रचूड़ के घर गणपति पूजा करने पर हुए विवाद के बाद पीएम मोदी ने मंगलवार को पहली बार प्रतिक्रिया दी है.
पीएम मोदी का कहना है कि आज भी समाज को बांटने और तोड़ने में लगे सत्ता के भूखे लोगों को गणेश पूजा से परेशानी हो रही है. मैंने गणेश पूजा में हिस्सा लिया तो कांग्रेस और उसके ईकोसिस्टम के लोगों को दिक्कत हो गई. समाज को बांटने वालों को गणेश उत्सव से परेशानी हो रही है.
उन्होंने भुवनेश्वर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग मेरे गणपति पूजा में हिस्सा लेने से भड़के हुए हैं. कांग्रेस और इस ईकोसिस्टम के लोग इसलिए भड़के हुए हैं क्योंकि मैंने गणपति पूजन में हिस्सा लिया और कर्नाटक में जहां इनकी सरकार है, वहां इन लोगों ने और बड़ा अपराध किया है. इन लोगों ने भगवान गणेश की प्रतिमा को ही सलाखों के पीछे डाल दिया. पूरा देश उन तस्वीरों से विचलित हो गया था. ये नफरती सोच समाज में जहर घोलने की मानसिकता है, जो हमारे देश के लिए बहुत खतरनाक है. इस नफरत भरी सोच पर अंकुश लगाना जरूरी है. ऐसी ताकतों को हमें आगे बढ़ने नही देना है.

