भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी की हालत नाजुक बनी हुई है. उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में रेस्पिरेटरी सपोर्ट पर रखा गया है. बता दें कि इस सिस्टम पर किसी को तब रखा जाता है, जब उसे सांस लेने में तकलीफ होती है. येचुरी को पिछले महीने दिल्ली AIIMS में भर्ती कराया गया था.
येचुरी की पार्टी CPIM ने एक बयान जारी कर कहा,’येचुरी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती हैं. उनका तीव्र श्वसन पथ संक्रमण का इलाज हो रहा है. उन्हें श्वसन सहायता पर रखा गया है. डॉक्टरों की एक मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम उनकी स्थिति पर बारीक नजर रख रही है.’
दरअसल, येचुरी को 19 अगस्त को तेज बुखार की शिकायत के बाद AIIMS के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया था. समाचार एजेंसी ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि उन्हें निमोनिया के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था और कोई गंभीर बात नहीं थी. सीपीआई (एम) नेता की हाल ही में मोतियाबिंद की सर्जरी हुई थी.

