जिम्बाब्वे दौरे पर यंग टीम इंडिया की कमान शुभन गिल ने संभाली थी. श्रीलंका दौरे पर टी20 फॉर्मे में टीम इंडिया का कप्तान कौन होगा, इसे लेकर तमाम सवाल बने हुए हैं. रोहित शर्मा के इस प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में भारतीय क्रिकेट एक बार फिर से कप्तानी को लेकर दुविधा में दिख रही है.
क्या टीम के उपकप्तान हार्दिक पंड्या को हॉट सीट पर बिठाना चाहिए या फिर सूर्यकुमार यादव को नेतृत्व की बागडोर सौंपनी चाहिए? भारत इस महीने के अंत में श्रीलंका के खिलाफ 3 टी20 मैच खेलेगा, जो नए कोच और भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर की पहली सीरीज है. भारत टी20 मैचों के बाद 3 वनडे भी खेलेगा.
बारबाडोस में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका के बाद पंड्या रोहित के सिंहासन पर बैठने के लिए उपयुक्त विकल्प हैं. लेकिन इसी बीच पंड्या को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है, बड़ौदा के इस खिलाड़ी के संदिग्ध फिटनेस रिकॉर्ड ने सूर्यकुमार के नाम को आगे ला दिया है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पंड्या ने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंटोल बोर्ड) को सूचित किया है कि वह व्यक्तिगत कारणों की वजह से श्रीलंका दौरे के लिए वनडे टीम का हिस्सा नहीं होंगे. भारतीय टीम 2 से 7 अगस्त तक श्रीलंका के साथ तीन वनडे खेलेगी.

