भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन अवसर पर राहुल गांधी ने शक्ति का जिक्र करते हुए कहा था कि हिंदू धर्म में एक शक्ति है. हमारी लड़ाई मोदी या बीजेपी के खिलाफ नहीं, एक शक्ति के खिलाफ है. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी के इस वार को हथियार बना लिया है. पीएम मोदी ने तेलंगाना के जगतयाल में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला.
उन्होंने कहा कि इंडी अलायंस ने कल अपना घोषणा पत्र जाहिर कर दिया है. पीएम मोदी ने कहा कि शिवाजी पार्क ने इंडी अलायंस ने शक्ति को समाप्त करने के लिए ऐलान किया है, मैं उस चुनौती को स्वीकार करता हूं. उन्होंने कहा कि महिलाओं को शक्ति स्वरूपा बताते हुए कहा कि एक तरफ शक्ति को समाप्त करने की बात करने वाले हैं और दूसरी तरफ शक्ति के उपासक हैं.
पीएम मोदी ने महिलाओं को अपने लिए शक्ति बताते हुए कहा कि शक्ति का उपासक और भारत माता का पुजारी हूं. उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि बताओ आप शक्ति को समाप्त करने वालों को मौका देंगी क्या? पीएम ने कहा कि विपक्ष शक्ति को समाप्त करने की बात कर रहा है. मुकाबला चार जून को हो जाएगा कि कौन शक्ति का आशीवार्द प्राप्त करता है और कौन शक्ति का विनाश करता है.

