कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित ‘एनुअल लीगल कॉन्क्लेव-2025’ में चुनाव आयोग पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि भारत में चुनाव आयोग का अस्तित्व ही नहीं रह गया है और 2024 के लोकसभा चुनाव में धांधली हुई थी। उन्होंने कहा, “हमारे पास ऐसे सबूत हैं जो पूरे देश को दिखा देंगे कि चुनाव आयोग जैसी संस्था मौजूद ही नहीं है। यह गायब हो चुकी है”।
2014 से शक, महाराष्ट्र ने खोली आंखें
राहुल गांधी ने बताया कि उन्हें 2014 से ही भारत की चुनावी प्रणाली पर संदेह था। उन्होंने कहा, “गुजरात विधानसभा चुनाव से ही मुझे शक हुआ था। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात जैसे राज्यों में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलती, यह अजीब लगा” । उन्होंने महाराष्ट्र के उदाहरण देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने के चार महीने बाद कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना की तीनों पार्टियां अचानक “गायब” हो गईं। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच महाराष्ट्र में 1 करोड़ नए मतदाता जुड़ गए, जिनमें से अधिकतर वोट बीजेपी को मिले ।
“6.5 लाख वोटरों में से 1.5 लाख फर्जी”
राहुल गांधी ने बताया कि उनकी टीम ने छह महीने तक गहन जांच की और पाया कि एक लोकसभा क्षेत्र में 6.5 लाख मतदाताओं में से 1.5 लाख फर्जी थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग मतदाता सूची की डिजिटल प्रति उपलब्ध नहीं कराता और इन दस्तावेजों को स्कैन नहीं किया जा सकता । उन्होंने कहा, “जब हम ये आंकड़े जारी करेंगे तो भूचाल आएगा, ये एटम बम से कम नहीं है”।
“15 सीटें कम मिलतीं तो मोदी पीएम नहीं होते”
राहुल गांधी ने लोकसभा चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा, “भारत में चुनाव प्रणाली पहले ही खत्म हो चुकी है। अगर 15 सीटों पर धांधली नहीं हुई होती, तो मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं होते”। उन्होंने कहा कि वह आने वाले दिनों में इसे साबित कर देंगे।
चुनाव आयोग के अधिकारियों को चेतावनी
एक दिन पहले संसद भवन में मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था, “चुनाव आयोग में बैठकर जो भी लोग ये काम कर रहे हैं, वे देश के खिलाफ काम कर रहें हैं। ऊपर से लेकर नीचे तक कोई भी हो हम उसको छोड़ेंगे नहीं। ये राजद्रोह है”। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी नहीं छोड़ा जाएगा।
चुनाव आयोग का जवाब
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को “निराधार” बताते हुए कहा है कि वह ऐसे बयानों को नजरअंदाज करता है। आयोग ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने अब तक चुनाव परिणामों के खिलाफ कोई याचिका दायर नहीं की है।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी शिकायतें चुनाव आयोग के सामने रखनी चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि वह 5 अगस्त को बेंगलुरु में एक बड़ा खुलासा करेंगे, जिसकी तुलना उन्होंने “एटम बम” से की है। इसके बाद बिहार में भी वोटर लिस्ट के मुद्दे पर यात्रा निकालने की योजना है।

