पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU), लुधियाना की मृदा एवं जल अभियांत्रिकी विभाग की पीएच.डी. शोधार्थी मनिषा कुमारी ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा जून 2025 में आयोजित UGC-नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने पर्यावरण विज्ञान (Environmental Science) विषय में सहायक प्रोफेसर पद हेतु पात्रता प्राप्त की है।
मनिषा वर्तमान में “चोहल डैम, पंजाब में क्लाउड कंप्यूटिंग और मशीन लर्निंग तकनीकों के माध्यम से जलाशय गाद संचयन (Reservoir Sedimentation) का मॉडलिंग” विषय पर अनुसंधान कार्य कर रही हैं। यह शोध कार्य डॉ. महेश चंद सिंह, वैज्ञानिक, मृदा एवं जल संरक्षण अभियांत्रिकी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
इस उपलब्धि पर पीएयू के कुलपति डॉ. सतबीर सिंह गोसल, मृदा एवं जल अभियांत्रिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जे.पी. सिंह, तथा विभाग के अन्य संकाय सदस्यों ने मनिषा कुमारी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल शैक्षणिक तथा पेशेवर भविष्य की कामना की। यह सफलता न केवल मनिषा की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है, बल्कि पीएयू के उच्च शैक्षणिक मानकों और अनुसंधान वातावरण की भी परिचायक है।

