देशभर के कई हिस्सों में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और राजधानी दिल्ली व एनसीआर में इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। मंगलवार सुबह से हो रही झमाझम बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। दिल्ली, गाजियाबाद, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत तमाम इलाकों में तेज बारिश के चलते सड़कें जलमग्न हो गई हैं।
दिल्ली के आईटीओ, धौला कुआं, नरैना, पटेल नगर, विजय चौक, जंगपुरा और रोहिणी में पानी भरने से लंबा जाम लग गया है। सुबह दफ्तर के लिए निकले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते सड़कों पर गड्ढे पानी में छिप गए हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
बुराड़ी समेत कई इलाकों में तो सड़कों का नामोनिशान तक मिट गया है। पानी इतना भर चुका है कि गाड़ियों के टायर तक डूबते नजर आए। सोशल मीडिया पर जलभराव और जाम की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
IMD ने किया रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने दोपहर तक तेज बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बारिश से हवा हुई साफ, AQI ‘संतोषजनक’
बारिश की वजह से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार सुबह 9 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज किया गया है।
फायदे के साथ मुसीबत भी लाई बारिश
जहां एक ओर बारिश से गर्मी और प्रदूषण में राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली के पॉश इलाकों से लेकर आम रिहायशी क्षेत्रों तक हर जगह पानी ही पानी नजर आ रहा है।
फिलहाल, प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और जलभराव वाले इलाकों से बचें।

