केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा के दौरे के दौरान रायसेन में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (DISHA) की बैठक की अध्यक्षता की। इस महत्वपूर्ण बैठक में जनकल्याण से जुड़े अनेक मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ, जिनमें नशामुक्ति, खाद-बीज की कालाबाजारी, नकली खाद की बिक्री, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी अभियान, जल संरचना, ऊर्जा विभाग के कार्य और सड़क निर्माण से जुड़ी योजनाएं प्रमुख रहीं।
“नकली खाद बेचना किसान के साथ पाप – दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो”
कृषि विभाग की योजना-वार समीक्षा करते हुए श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो लोग नकली खाद या कालाबाजारी में शामिल हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह किसानों के साथ अन्याय है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने मूंग की सरकारी खरीद की स्थिति की जानकारी ली और खरीद केंद्रों की नियमित जांच के निर्देश दिए।
“जनकल्याण और विकास को प्राथमिकता बनाएं”
श्री चौहान ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि रायसेन को विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में आदर्श जिला बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने क्षेत्रों का नियमित दौरा करें और ऐसे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाएं, जो अब तक वंचित हैं। निर्माण कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए और इनकी सघन निगरानी की जानी चाहिए।
“पीएम आवास की किश्त समय पर मिले, निर्माण में लापरवाही न हो”
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ‘आवास प्लस‘ की समीक्षा करते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि लाभार्थियों को समय पर किश्त मिले और निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो। वर्ष 2024–25 में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में कुल 27,981 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 4,825 पूरे हो चुके हैं और 23,156 पर कार्य प्रगति पर है।
“रायसेन जिले में हैं 43,613 लखपति दीदी”
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लखपति दीदी योजना की समीक्षा के दौरान श्री चौहान ने बताया कि रायसेन जिले में इस समय 43,613 लखपति दीदी हैं। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने का सुझाव दिया और कहा कि हर पंचायत में ऐसी प्रेरणादायक महिलाएं सामने आएं।
“हर गांव की सड़क से हो मुख्य मार्ग से सीधा जुड़ाव”
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मंत्री ने निर्देश दिया कि हर गांव को मुख्य सड़कों से जोड़ा जाए ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। 2024–25 की योजना के तहत 276.236 किलोमीटर लंबाई की 30 सड़कों को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 28 सड़कों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहीं 13 स्वीकृत पुलों में से 9 पूरे हो चुके हैं।
“कृषि अधिकारी खेतों में जाएं, रोग नियंत्रण के लिए दें सलाह”
श्री चौहान ने कृषि अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से खेतों में जाकर फसलों की स्थिति का जायजा लें और कीट या रोग नियंत्रण के लिए किसानों को उचित सलाह दें। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्रों का अधिकतम उपयोग कर नवीनतम कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई। साथ ही उन्होंने रबी फसलों की तैयारी समय से शुरू करने के निर्देश दिए।
“अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में बासमती की अस्वीकृति पर जताई चिंता”
जिले से निर्यात होने वाले बासमती चावल को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिबंधित कीटनाशकों के उपयोग के कारण ठुकराए जाने पर श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को ऐसे रसायनों के उपयोग से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाए।
“जल एवं ऊर्जा परियोजनाओं को समय पर पूरा करें”
जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने जलाशयों और तालाबों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ‘जल जीवन मिशन’ के अंतर्गत हर घर तक नल से जल पहुंचाने पर बल दिया। ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्रों को भी जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की यह बैठक समग्र विकास और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिसमें जनहित से जुड़ी योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

