मायानगरी मुंबई में उस वक्त सनसनी फैल गई जब छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे कॉल्स एक के बाद एक लगातार तीन बार मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को मिले। इन कॉल्स के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और एयरपोर्ट पर अलर्ट घोषित कर दिया गया।
टर्मिनल 2 बना टारगेट, मौके पर बम स्क्वाड तैनात
धमकी में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर बम रखा गया है, और कुछ ही देर में बड़ा धमाका हो सकता है। कॉल मिलते ही मुंबई पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमें एयरपोर्ट पर पहुंच गईं और व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
तीन बार आई धमकी, पुलिस ने रातभर खंगाला एयरपोर्ट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीनों कॉल्स अलग-अलग समय पर आए और सभी अज्ञात नंबरों से किए गए थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की जांच भी बढ़ा दी गई, हालांकि सर्च ऑपरेशन में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
कॉल फर्जी, लेकिन जांच जारी
मुंबई पुलिस ने बाद में पुष्टि की कि बम की सूचना झूठी थी, लेकिन अलर्ट के मद्देनजर किसी भी जोखिम को नजरअंदाज नहीं किया गया। प्रारंभिक जांच में फोन नंबर असम या पश्चिम बंगाल से ट्रेस हुआ है। अब पुलिस साइबर टीम की मदद से कॉल करने वाले की पहचान में जुटी है।
मुंबई पुलिस की अपील
मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, लेकिन सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।

