बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। आज सुबह संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी दलों ने संसद भवन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष किए गए इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
विपक्ष ने आरोप लगाया है कि वोटर लिस्ट में जानबूझकर गड़बड़ी की जा रही है ताकि बिहार में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सके।
➡ राज्यसभा में हंगामा:
जैसे ही राज्यसभा में शून्यकाल शुरू हुआ और उपसभापति हरिवंश ने घनश्याम तिवाड़ी का नाम लिया, विपक्षी सदस्यों ने शोरगुल शुरू कर दिया। लगातार हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
➡ लोकसभा भी प्रभावित:
लोकसभा में जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सांसद ‘एसआईआर’ मुद्दे को लेकर तख्तियां लहराते हुए वेल में आ गए। स्पीकर ओम बिरला ने नाराजगी जताई और कहा कि ऐसा व्यवहार लोकतंत्र की गरिमा के अनुकूल नहीं है। विपक्ष के लगातार शोरगुल के बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
➡ राज्यसभा में नए सांसदों ने ली शपथ:
इससे पहले, तमिलनाडु से राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित कमल हासन, राजाथी, एसआर शिवलिंगम और पी. विल्सन ने शपथ ग्रहण की। इसके बाद सदन में लिस्टेड बिजनेस का कार्य शुरू हुआ।

