राजस्थान के झालावाड़ जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मनोहर थाना क्षेत्र के पीपलोदी गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत गुरुवार सुबह अचानक भरभराकर गिर गई। इस भीषण हादसे में अब तक 4 स्कूली बच्चों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 17 बच्चे घायल हुए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के वक्त कक्षा में करीब 60 छात्र मौजूद थे। प्रशासन को आशंका है कि इनमें से कम से कम 25 छात्र मलबे में दब गए थे। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मौके पर एंबुलेंस, पुलिस और आपदा राहत टीमें पहुंच चुकी हैं। स्थानीय ग्रामीण भी बच्चों को मलबे से निकालने में मदद कर रहे हैं।
प्रशासन ने घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
यह हादसा स्कूल भवन की जर्जर स्थिति और लापरवाह प्रशासन की पोल खोलता है। सवाल उठता है कि क्या बच्चों की जान की कीमत पर ही शिक्षा व्यवस्था चलाई जा रही है?

