एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल वीडियो शेयर कर सबको चौंका दिया। वीडियो में वह बेहद टूटी और डरी हुई नजर आ रही हैं। उनका दावा है कि उन्हें उनके ही घर में परेशान किया जा रहा है, और यह सिलसिला 2018 से लगातार चल रहा है। तनुश्री की ये पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं का सैलाब आ गया — कुछ ने उनकी चिंता जताई, तो कुछ ने इसे ड्रामा और लाइमलाइट में आने की कोशिश बताया।
वीडियो में तनुश्री ने कहा, “मैं बहुत परेशान हूं। मुझे मेरे ही घर में हैरेस किया जा रहा है। मैंने पुलिस को कॉल किया, वे आए भी थे लेकिन बोले कि शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने आना पड़ेगा। शायद मैं कल या परसों जाऊंगी क्योंकि मैं ठीक महसूस नहीं कर रही।” हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें परेशान कौन कर रहा है।
ट्रोलर्स को दिया मुंहतोड़ जवाब
एक यूजर ने तनुश्री की पोस्ट पर कमेंट किया कि शायद वो सिर्फ लाइमलाइट में आना चाहती हैं। इस पर एक्ट्रेस ने तीखा जवाब देते हुए कहा, “सच में? आज ही इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाया गया है और पहला कमेंट यही है? इससे साफ है कि तुम लोग प्लान करके ट्रोल कर रहे हो।”
नाना पाटेकर पर फिर छिड़ी बहस
एक अन्य यूजर ने तनुश्री को “नौटंकीबाज” बताते हुए कहा कि अगर वो भारत में सुरक्षित महसूस नहीं करतीं तो अमेरिका लौट जाएं और नाना पाटेकर को बदनाम न करें। इस पर तनुश्री ने सख्त प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “मैंने इस पोस्ट में नाना का नाम तक नहीं लिया। चोर की दाढ़ी में तिनका, जिसे गुनाह किया हो उसे कहने की जरूरत नहीं होती।”
क्या है तनुश्री का पूरा मामला?
बता दें कि तनुश्री दत्ता साल 2018 में उस समय सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने अभिनेता नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस आरोप के बाद भारत में #MeToo मूवमेंट ने भी जोर पकड़ा। तब से अब तक तनुश्री कई बार अपनी सुरक्षा और उत्पीड़न को लेकर चिंता जाहिर कर चुकी हैं।
फिलहाल आगे क्या?
तनुश्री दत्ता का कहना है कि वे जल्द ही पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराएंगी। उन्होंने अपने फैंस से सपोर्ट और दुआओं की अपील की है। वहीं सोशल मीडिया पर बहस इस बात को लेकर जारी है कि क्या यह वाकई गंभीर मामला है या सिर्फ सुर्खियों में आने की कोशिश।

