कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद घोषित सीजफायर को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि “सीजफायर अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने करवाया है और यह पूरी दुनिया जानती है।” उन्होंने कहा कि पीएम मोदी इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
संसद परिसर के बाहर मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा,“जब सीजफायर को लेकर सवाल पूछा जाता है तो प्रधानमंत्री कुछ नहीं कहते, क्योंकि वो यह नहीं बोल सकते कि ट्रंप ने यह करवाया है। लेकिन यह सच्चाई है, और सच्चाई छुप नहीं सकती।”
उन्होंने कहा कि ट्रंप ने खुद 25 बार यह बात दोहराई है कि उन्होंने सीजफायर करवाया।“ट्रंप कौन होते हैं किसी देश के सैन्य ऑपरेशन में दखल देने वाले? लेकिन असली सवाल यह है कि हमारे प्रधानमंत्री एक बार भी इस पर जवाब देने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं,” राहुल गांधी ने कहा।
डिफेंस सेक्टर पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने सिर्फ सीजफायर ही नहीं, बल्कि डिफेंस इंडस्ट्री और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सरकार की रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा,ये सिर्फ सीजफायर की बात नहीं है, डिफेंस सेक्टर की हालत खराब है। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सरकार के पास कोई स्पष्ट योजना नहीं है। जो लोग खुद को देशभक्त कहते हैं, वो अब इस बहस से भाग रहे हैं।”
कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि सरकार ने संसद में स्वीकार किया है कि ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होगी, लेकिन अभी तक कोई समय तय नहीं किया गया है।
“सरकार कह रही है कि प्रधानमंत्री के विदेश से लौटने के बाद चर्चा होगी, लेकिन तब तक देश असमंजस में रहेगा,” उन्होंने कहा।
राहुल गांधी के इस बयान ने संसद के मानसून सत्र को और गर्मा दिया है। विपक्ष लगातार मांग कर रहा है कि सरकार ऑपरेशन सिंदूर और डिफेंस नीति पर खुलकर संसद में चर्चा करे। अब देखना यह है कि सरकार इन आरोपों पर क्या रुख अपनाती है।

