सेना पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट से मंगलवार को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने मानहानि केस में पेश हुए राहुल गांधी को जमानत दे दी है, जिससे कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कोर्ट में किया औपचारिक सरेंडर, मिली जमानत
राहुल गांधी इससे पहले पांच बार सुनवाई में पेश नहीं हुए थे, लेकिन आज जब पेशी का अंतिम मौका था, तो वह स्वयं कोर्ट पहुंचे और औपचारिक रूप से सरेंडर किया। इसके बाद वकीलों की टीम ने कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। कोर्ट ने राहुल को 20-20 हजार रुपये की दो ज़मानतें भरने का आदेश दिया, जिसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला वर्ष 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिए गए एक बयान से जुड़ा है, जिसमें राहुल गांधी पर भारतीय सेना की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा। आरोप लगाने वालों का कहना है कि बयान से सैनिकों का मनोबल प्रभावित हो सकता है। इस पर कोर्ट में मानहानि की याचिका दाखिल हुई थी, जिसके बाद राहुल को बतौर आरोपी तलब किया गया था।
एयरपोर्ट पर दिखा कांग्रेस का दमखम
राहुल गांधी जब लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे तो उनका भव्य स्वागत किया गया। भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल से मिलने एयरपोर्ट पर उमड़ पड़े। ‘राहुल तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
अब अगली सुनवाई अहम
अब अगली सुनवाई में यह तय होगा कि यह मामला ट्रायल में जाएगा या खारिज किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है, जबकि विपक्ष इसे सेना के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बता रहा है।

