प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की रोजगार पहल के तहत पूरे देश में 51,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी की नियुक्ति पत्रें सौंपी गईं। इसी क्रम में भुवनेश्वर के रेल ऑडिटोरियम में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने 204 नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस अवसर पर देशभर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवाओं को संबोधित किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 2022 में शुरू हुई रोजगार मेला योजना अब तक 10 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दिला चुकी है। उन्होंने बताया कि आज देशभर में 47 स्थानों, जिनमें ओडिशा के 7 शहर भी शामिल हैं, पर यह मेला आयोजित हुआ। उन्होंने राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि ओडिशा में भी नियुक्ति मेलों के माध्यम से 25,000 से 30,000 नौकरियाँ युवाओं को दी गई हैं।
भारत बना चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज भारत जापान को पीछे छोड़ते हुए विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत की औसत आयु केवल 25 वर्ष है और आने वाले 25–30 वर्षों तक युवाशक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत बनी रहेगी।
गरीबी से आत्मनिर्भरता की ओर
श्री प्रधान ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। एक समय था जब भारत को PL-480 के तहत अमेरिका से अनाज मंगाना पड़ता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) के तहत देश की 60–65% आबादी को प्रति व्यक्ति प्रति माह 5 किलो अनाज मुफ्त दिया जा रहा है।
डिजिटल भारत और स्टार्टअप क्रांति
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत डिजिटल इकोनॉमी में विश्व में सबसे आगे निकल चुका है। देश का स्टार्टअप ईकोसिस्टम भी बीते दशक में तेजी से विकसित हुआ है, जिससे युवाओं को स्वरोजगार और नवाचार के नए अवसर मिल रहे हैं।
AI और ChatGPT जैसे टूल्स को अपनाने का आह्वान
श्री प्रधान ने नव-नियुक्त युवाओं को सिर्फ इस सफलता पर रुकने के बजाय और अधिक मेहनत कर देश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ChatGPT जैसे डिजिटल टूल्स को अपनाकर अपने कौशल को और बेहतर बनाने की अपील की।

