फिटनेस को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए, इस रविवार को देशभर में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 31वां संस्करण उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस विशाल साइक्लिंग मुहिम का नेतृत्व केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुजरात के गांधीनगर से किया, जहां उन्होंने 500 से अधिक प्रतिभागियों के साथ साइकिल चलाई।
देशभर के 7000 से ज्यादा स्थानों पर आयोजित इस आयोजन में 3000 नमो फिट इंडिया साइक्लिंग क्लबों के सदस्य भी शामिल हुए। इस बार का आयोजन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) के सहयोग से किया गया, जिसमें ONGC, IOCL, HPCL, GAIL, BPCL, LIC, EIL सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत अर्जुन पुरस्कार विजेता और पैरा पावरलिफ्टिंग के चीफ कोच श्री राजिंदर सिंह रहेलू ने की। इस मौके पर डॉ. मांडविया ने भारतीय युवा महिला हैंडबॉल टीम से भी मुलाकात की, जो वर्तमान में SAI गांधीनगर के नेशनल कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
डॉ. मांडविया ने कहा,
“फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अब केवल फिटनेस का आंदोलन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल बन चुका है। आज देश के 7000 से अधिक स्थानों पर युवाओं ने इसमें भाग लेकर इसे जन-आंदोलन बना दिया है।”
दिल्ली में यह आयोजन मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हुआ, जहाँ माहौल किसी फिटनेस मेले जैसा था। इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया WWE वर्ल्ड हेवीवेट चैंपियन और भारत के गौरव ‘द ग्रेट खली‘ ने। खली ने अपने जोशीले अंदाज़ में युवाओं से आह्वान किया:
“प्रधानमंत्री मोदी जी का सपना है भारत को ‘विश्वगुरु’ बनाना। यह सपना तभी साकार होगा जब हम स्वस्थ और मज़बूत बनें। हर भारतीय को रोज़ कम से कम एक घंटा अपनी फिटनेस के लिए निकालना चाहिए।”
खली ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल व फिटनेस की राह अपनाने की भी अपील की।
इसके अलावा गुरुग्राम में राहगिरी फाउंडेशन के सहयोग से इस आयोजन का विशेष संस्करण आयोजित किया गया, जिसमें 700 से अधिक प्रतिभागियों ने साइक्लिंग, योग, स्ट्रीट डांस, लूडो, कैरम, सांप-सीढ़ी, हैंड पेंटिंग जैसी मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया।
यह पहल युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (MYAS) द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, माय भारत, योगासन भारत और डॉ. शिखा गुप्ता के नेतृत्व में रोप स्किपिंग नेटवर्क के सहयोग से संचालित की जा रही है। देशभर के 3000 से अधिक साइक्लिंग क्लब, खेलो इंडिया केंद्र, SAI ट्रेनिंग सेंटर्स और नेशनल सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस इस अभियान का हिस्सा हैं। फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान न केवल फिटनेस को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि भारत को एक सक्रिय, स्वस्थ और सकारात्मक समाज की ओर ले जा रहा है।

