जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव नज़दीक आ रहे हैं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनता को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना पर काम कर रही है। प्रस्ताव को वित्त विभाग की हरी झंडी मिल चुकी है और अब कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार है।
बिजली फ्री, पर शर्तों के साथ
ऊर्जा विभाग की ओर से तैयार किए गए प्रस्ताव के मुताबिक, बिहार के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसके ऊपर जितनी बिजली की खपत होगी, उसके लिए निर्धारित दर से शुल्क लिया जाएगा। अभी राज्य के शहरी क्षेत्रों में 50 यूनिट तक बिजली ₹7.57 प्रति यूनिट और इसके बाद ₹7.96 प्रति यूनिट की दर से बिल लिया जाता है।
पेंशन में भारी बढ़ोतरी
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में बड़ा ऐलान किया। अब राज्य के 1 करोड़ 9 लाख से अधिक पेंशनधारकों को ₹1100 प्रति माह पेंशन मिलेगी, जो पहले ₹400 थी। यह बढ़ी हुई राशि जुलाई से लागू होगी।
महिलाओं को बड़ा तोहफा – 35% आरक्षण
सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य की सभी सरकारी नौकरियों में 35% पद बिहार की स्थायी निवासी महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। नीतीश कुमार ने इस पहल को “नारी सशक्तिकरण की नई क्रांति” बताया।
राजनीतिक मायने
विशेषज्ञों का मानना है कि ये घोषणाएं विधानसभा चुनाव से पहले सरकार की रणनीति का हिस्सा हैं। फ्री बिजली, पेंशन बढ़ोतरी और महिला आरक्षण जैसे फैसले सीधे तौर पर वोट बैंक को साधने वाले हैं।

