सावन के पवित्र महीने में देशभर से लाखों शिवभक्त कांवड़ लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) की ओर रवाना होते हैं। इसे देखते हुए भारतीय रेलवे पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। खासकर दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
कावड़ियों के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेने
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस जंक्शन से हर दिन हजारों की संख्या में कांवड़िये ट्रेनों के माध्यम से देवघर के लिए रवाना होते हैं। इसलिए ट्रेनों और स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षा और संवेदनशील इलाकों की निगरानी को प्राथमिकता दी जा रही है।
RPF और GRP का साझा अभियान
रेलवे सुरक्षा बल (RPF), Government Railway Police (GRP) और लोकल पुलिस मिलकर स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। स्टेशनों पर सीसीटीवी निगरानी, फुट पेट्रोलिंग और अवांछनीय गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया एजेंसियों को भी एक्टिव किया गया है।
आरपीएफ कमांडर के अनुसार, “हमारी प्राथमिकता क्राइम प्रिवेंशन है। अगर किसी यात्री को ट्रेन में कोई दिक्कत होती है, तो वह ‘रेल मदद’ ऐप या 139 नंबर पर शिकायत कर सकता है। हमारी टीम 10 मिनट के भीतर रिस्पांस देने के लिए तैयार है।”
स्टेशनों पर जागरूकता अभियान
स्टेशन परिसर में यात्रियों और कांवड़ियों के लिए अवेयरनेस प्रोग्राम चलाए जा रहे हैं। सासाराम, गया, डेहरी ऑन सोन जैसे बड़े स्टेशनों पर आरपीएफ जवान यात्रियों को सुरक्षित यात्रा की जानकारी दे रहे हैं और मदद भी कर रहे हैं।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कोई भी संदिग्ध गतिविधि तुरंत सुरक्षा बलों को सूचित करें और अपनी यात्रा को सुगम बनाएं।

