कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा मंत्रालय के राज्य मंत्री जयंत चौधरी जयपुर के ग्रामीण क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण हरित अभियान और कृषि-कौशल कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इस दौरे के दौरान वे पर्यावरण संरक्षण, युवाओं के कौशल विकास और ग्रामीण क्षेत्र के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाले कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
नेवटा बांध पर होगा वृहद वृक्षारोपण
केंद्रीय मंत्री अपने दौरे की शुरुआत नेवटा बांध, जयपुर ग्रामीण में वृक्षारोपण अभियान से करेंगे। यह अभियान “चौधरी चरण सिंह पारिवारिक वानिकी मिशन” के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जो भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाया जा रहा है। इस मिशन का लक्ष्य सन् 2027 तक 125 ‘स्मृति वन‘ स्थापित करना और 1.25 करोड़ पौधों का रोपण करना है।
बिड़ला ऑडिटोरियम में होगा जनसभा को संबोधन
वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वे युवाओं और किसानों को हरित पहल और कौशल प्रशिक्षण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता से अवगत कराएंगे।
CCS NIAM में होगा कृषि-कौशल प्रमाण-पत्र वितरण
जयंत चौधरी का दौरा चौधरी चरण सिंह राष्ट्रीय कृषि विपणन संस्थान (CCS NIAM), जयपुर में संपन्न होगा, जहां वे “रोज़गार के पूर्व ज्ञान की मान्यता” (RPL) कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित युवाओं को कृषि-उपज गुणवत्ता परीक्षणकर्ता (Agri Commodity Quality Assayer) के कौशल प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगे। यह कार्यक्रम वेयरहाउसिंग विकास और विनियामक प्राधिकरण (WDRA) के सहयोग से संचालित हो रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य और महत्व
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य गोदाम प्रबंधन और कृषि-लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में कार्यरत पेशेवरों को औपचारिक मान्यता देना है। साथ ही, यह कृषि आपूर्ति श्रृंखला में गुणवत्ता, पारदर्शिता और किसान-केंद्रित प्रणाली को बढ़ावा देता है।
ग्रामीण भारत की सशक्तिकरण की दिशा में पहल
जयंत चौधरी का यह दौरा केंद्र सरकार की कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण विकास को एक साथ जोड़ने वाली रणनीति को दर्शाता है। इसके तहत सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, किसानों को बेहतर विपणन सुविधाएं और रोज़गार के नए अवसर प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है।

