कपास किसानों की आय में वृद्धि और उनकी समृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय 11 जुलाई को तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय बैठक का आयोजन कर रहा है। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं करेंगे।
कपास किसानों के लिए बड़ा कदम
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह बैठक खासतौर पर कपास किसानों की चुनौतियों, उनकी आय में सुधार और टिकाऊ कृषि के उपायों पर केंद्रित होगी। बैठक में देशभर के कृषि वैज्ञानिक, नीति विशेषज्ञ, किसान प्रतिनिधि और कपास क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक शामिल होंगे।
हमारा उद्देश्य किसानों को सही दाम दिलाना: शिवराज सिंह
कृषि मंत्री ने कहा,“हमारा उद्देश्य सिर्फ कपास उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाना और उनकी समृद्धि सुनिश्चित करना है। सरकार कपास की पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करने की दिशा में ठोस पहल कर रही है।”
कपास के क्षेत्र में आएंगे क्रांतिकारी बदलाव
इस राष्ट्रीय बैठक के दौरान किसानों के लिए नई तकनीकों, उन्नत बीजों, मूल्यवर्धन और निर्यात संभावनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक से निकलने वाले सुझाव और निर्णय, कपास क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला सकते हैं।
भारत विश्व का प्रमुख कपास उत्पादक देश है, और करोड़ों किसान इसकी खेती से जुड़े हुए हैं। हालांकि, जलवायु परिवर्तन, कीट समस्याएं और बाजार में मूल्य अस्थिरता जैसे कई कारणों से कपास किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह बैठक न केवल उनकी समस्याओं को सुनने का मंच बनेगी, बल्कि उन्हें समाधान की दिशा में ले जाने वाला ठोस प्रयास भी साबित होगी।
किसानों के लिए अहम 11 जुलाई
11 जुलाई को होने वाली यह बैठक कपास किसानों के भविष्य के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। इस पहल से सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है — किसानों की आय दोगुनी नहीं, बल्कि चौगुनी करने की ओर ठोस कदम।

