‘उल्टा पानी देखने पहुंचे शिवराज सिंह चौहान
शिवराज सिंह चौहान छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े के साथ क्षेत्रीय दौरे पर थे। जैसे ही उनका काफिला मैनपाट पहुंचा, गाड़ी के ड्राइवर ने एक ढलान पर ब्रेक छोड़ते हुए गाड़ी को न्यूट्रल किया, और तभी सभी ने देखा कि गाड़ी ढलान की बजाय ऊपर की ओर चलने लगी। यह नज़ारा देखकर शिवराज सिंह चौहान बेहद रोमांचित हो गए।
इसके बाद वे उस प्रसिद्ध जगह पर पहुंचे, जहां ‘उल्टा पानी’ बहता है। उन्होंने खुद अपनी आंखों से पानी को नीचे से ऊपर की दिशा में बहते देखा। इस अनुभव से चकित होकर शिवराज ने कहा, “मैंने जीवन में पहली बार ऐसा चमत्कार देखा है। यह प्रकृति का करिश्मा है, इसे वैज्ञानिकों को भी जांचना चाहिए। इस स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।”‘उल्टा पानी में छोड़ी नाव
इतना ही नहीं, उन्होंने बहते पानी में कागज़ की नाव भी छोड़ी, जो विपरीत दिशा में तेजी से आगे बढ़ने लगी। इस अनोखे अनुभव को महसूस करते हुए शिवराज सिंह ने मशहूर ग़ज़ल “वो काग़ज़ की कश्ती, वो बारिश का पानी…” भी गुनगुनाई, जिससे माहौल पूरी तरह भावुक और उत्साही बन गया।
क्या है ‘उल्टा पानी’ का रहस्य?
वैज्ञानिकों के अनुसार, इस घटना के पीछे गुरुत्वाकर्षण और चुंबकीय क्षेत्र जैसी भू-भौतिकीय शक्तियां हो सकती हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। कई विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक ऑप्टिकल इल्यूजन भी हो सकता है, जहां जमीन का ढलान आंखों को उल्टा दिखाई देता है।

