बिहार की सियासत आज फिर गरमा गई है। चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के विरोध में महागठबंधन ने राज्यव्यापी चक्का जाम किया है। इस बंद का असर राजधानी पटना से लेकर दरभंगा और अन्य जिलों में साफ देखा गया। प्रदर्शन के केंद्र में पटना रहा, जहां राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने संयुक्त रूप से मार्च निकाला और चुनाव आयोग पर लोकतंत्र से खिलवाड़ का आरोप लगाया।
पटना में विपक्ष की बड़ी ताकत का प्रदर्शन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पटना पहुंचे और तेजस्वी यादव के साथ मिलकर इनकम टैक्स गोलंबर से निर्वाचन कार्यालय तक मार्च किया। इस मार्च में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
तेजस्वी यादव का हमला:
तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “क्या दो गुजराती तय करेंगे कि कौन बिहारी वोट देगा और कौन नहीं? ये संविधान से खिलवाड़ है। हम चुप नहीं बैठेंगे।”
रेल पटरी पर बैठे प्रदर्शनकारी, ट्रेनें रोकी गईं
दरभंगा में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को रोककर रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी रेल की पटरियों पर बैठ गए और ‘लोकतंत्र बचाओ’ के नारे लगाए।
बीजेपी का पलटवार
बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर ने इस विरोध को ड्रामा करार देते हुए कहा,तेजस्वी और राहुल को बिहार में कोई गंभीरता से नहीं लेता। ये वही लोग हैं जो शहाबुद्दीन अमर रहे जैसे नारे लगवाते हैं।”
ED दफ्तर तक पहुंचेगा मार्च
महागठबंधन का यह प्रदर्शन केवल चुनाव आयोग तक सीमित नहीं है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का मार्च अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर की ओर बढ़ रहा है, जिससे राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

