गंजबासोदा (मध्य प्रदेश) में नकली बीज की शिकायत के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अचानक एक किसान के खेत में पहुंच गए। किसान ने आरोप लगाया था कि नकली बीज बोने के कारण उसके खेत में अंकुरण ही नहीं हुआ, जिससे उसकी पूरी बोवनी बर्बाद हो गई।
शिवराज सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर खेत की मिट्टी खुद अपने हाथों से खोदकर बीज निकाले और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसान की समस्या को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कृषि मंत्री ने कहा, “नकली और अमानक बीज किसानों के साथ बड़ा धोखा है। ऐसी कंपनियों और सोसायटियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल बीज ही नहीं, बल्कि अमानक कीटनाशकों के खिलाफ भी सरकार सख्त कदम उठाएगी।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार जल्द ही बीज और कीटनाशकों से जुड़े कानूनों को और सख्त बनाएगी और जरूरत पड़ने पर उनमें संशोधन भी किया जाएगा ताकि किसानों के साथ किसी तरह की धोखाधड़ी न हो सके।
मंत्री के इस कदम से स्थानीय किसानों में उम्मीद जगी है कि नकली बीज के कारोबार पर लगाम लगेगी और उन्हें न्याय मिलेगा। मौके पर मौजूद किसानों ने शिवराज सिंह चौहान की पहल की सराहना की और कहा कि वे पहली बार किसी मंत्री को खेत में आकर समस्या को इतने नजदीक से समझते देख रहे हैं।सरकार की इस सक्रियता से संकेत मिलते हैं कि आने वाले समय में नकली बीज और कीटनाशकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जा सकता है।

