कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक तीखा बयान देकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने केंद्र सरकार पर अमेरिका की नीतियों के सामने झुकने का आरोप लगाते हुए कहा,“पीयूष गोयल जितना भी सीना ठोक लें, ट्रंप के टैरिफ के आगे पीएम मोदी झुकेंगे… मेरी बात नोट कर लें।”
राहुल गांधी का बीजेपी पर निशाना
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर कई अहम फैसले चर्चा में हैं। राहुल गांधी का आरोप है कि मोदी सरकार अमेरिका के टैरिफ दबावों के खिलाफ ठोस रुख नहीं अपना रही है, जिससे देश के उद्योग और किसानों को नुकसान हो सकता है।
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि केंद्र सरकार आत्मनिर्भर भारत की बात तो करती है, लेकिन जब बात अमेरिका जैसी ताकतवर अर्थव्यवस्थाओं के सामने खड़े होने की आती है, तो वह पीछे हट जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि “भारतीय व्यापारी और किसान पहले ही वैश्विक बाजार के दबाव में हैं और ऐसे में यदि अमेरिका जैसे देश भारत पर टैरिफ का दबाव बनाएंगे और सरकार झुकेगी, तो इसका सीधा नुकसान देश के आम लोगों को होगा।”
बीजेपी का पलटवार:
राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आई है। पार्टी नेताओं ने राहुल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। बीजेपी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व वैश्विक स्तर पर मजबूत हुआ है और भारत अब झुकने वाला नहीं, बल्कि निर्णायक भूमिका निभाने वाला देश है।

